ज्ञानेश्वरी ने विश्व जूनियर वेटलिफ्टिंग में भारत का लहराया परचम -

156 किग्रा उठाकर रजत पदक पर अपना कब्जा जमाया -
 
 | 
1

File photo

ज्ञानेश्वरी ने विश्व जूनियर वेटलिफ्टिंग में भारत का लहराया परचम -

राजनांदगांव। प्रतिभा कभी भी परिस्थितियों का मोहताज नहीं होती है। प्रतिभा और लगन के बलबूते कमजोर से कमजोर व्यक्ति ठान ले तो असंभव को संभव कर सकता है। यह कारनामा राजनांद गांव के भोड़िया में रहने वाली ज्ञानेश्वरी यादव ने कर दिखाया है। ग्रीस के हेराक्लिओन में चल रहे विश्व जूनियर वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में ज्ञानेश्वरी ने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए 156 किग्रा उठाकर रजत पदक पर अपना कब्जा जमाया। ज्ञानेश्वरी छग की चौथी व पदक जितने वाली पहली खिलाड़ी है। ज्ञानेश्वरी के पिता दीपक यादव पेशे से इलेक्ट्रिशियन हैं।

दीपक यादव में अपने समय के मंझे हुए बाडी बिल्डर खिलाड़ी हैं। वर्ष 1998 में मध्यप्रदेश किशोर अवार्ड के साथ-साथ छग कुमार, छग श्री, मिस्टर राजनांद गांव खिताब जीत चुके हैं। शुरु से ही दीपक का सपना भारत के लिए पदक जीतना व नाम रोशन करना था। लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति ने दीपक को पूरी तरह से तोड़ कर रख दिया। और उन्हें बीच में ही खेल को छोड़ना पड़ा। इसके बाद भी दीपक ने हार नहीं मानी और अपनी बेटी को तराशा और विश्व जूनियर चैंपियनशिप तक पहुंचाने में अपनी अहम भूमिका निभाई।

बेटी के साथ करते हैं अभ्यास, डाइट का रखते हैं ख्यालः दीपक पेश से इलेक्ट्रिशियन हैं फिर भी उनका रुझान खेलों की ओर हैं। राजनांदगांव से भोड़िया की दूरी करीब आठ किमी है। दीपक रोजना ज्ञानेश्वरी को साइकिल में बैठाकर अभ्यास के लिए जय भवानी व्यायाम शाला लाते हैं फिर साइकिल से वापस घर ले जाते हैं। यहीं नहीं बेटी के साथ ही व्यायाम शाला में घंटों पसीना बहाते हैं। साथ ही ज्ञानेश्वरी की डाइट का भी पूरा ख्याल रखते हैं। ताकि अभ्यास के बाद डाइट में किसी भी प्रकार से कमी न रहे। ज्ञानेश्वरी छह वर्षों से लगातार कड़ी मेहनत कर रही है। वर्तमान में ज्ञानेश्वरी शासकीय दिग्विजय महाविद्यालय में बीए-प्रथम वर्ष की छात्रा है।

रात भर टीवी पर टिकी रही निगाहें: ग्रीस के हेराक्लिओन में चले रहे विश्व जूनियर वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में ज्ञानेश्वरी ने सोमवार की रात अपने खेल का शानदार प्रदर्शन किया। परिवार के सदस्यों की निगाहें देर रात तक टीवी पर टिकी रही।

विश्व जूनियर वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में महिलाओं के 49 किलोग्राम में छत्तीसगढ़ की महिला खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव ने भारत देश का प्रतिनिधित्व कर स्नैच में 73 किलोग्राम व क्लीन एंड जर्क में 83 किलोग्राम कुल 156 किलोग्राम उठाकर रजत पदक जीता। ज्ञानेश्वरी के रजत पदक जीतते ही स्वजन रात में ही खुशी से झूम उठे। ज्ञानेश्वरी के पिता दीपक यादव ने बताया कि परिवार के सदस्य ज्ञानेश्वरी को देखते टीवी के सामने बैठे रहे।
India Fact News