हैवानियत : महिला को डायन समझकर निर्वस्त्र कर जमकर पुरुषों ने पीटा, 3 गिरफ्तार, जानिए-

महिला को डायन समझकर निर्वस्त्र कर जमकर पीटा
 | 
Dhar

File Photo

महिला की नजर बुरी है इसलिए निर्वस्त्र कर पुरुषों ने पीटा, बाल पकड़कर खींचा, तमाशाबीन बनाते रहे वीडियो

इंदौर। प्रदेश में एक बार फिर मानवता को शर्मसार करने वाला घटनाक्रम सामने आया है। धार जिले के मांडवी गांव में कुछ पुरुषों ने एक महिला को निर्वस्त्र कर उसकी जमकर पिटाई की और बाल पकड़कर खींचा। यह हैवानियत इसलिए की गई थी क्योंकि कुछ लोगों को शक था कि महिला की नजर खराब है जिसके चलते उनके परिवार के लोग बीमार रहते है। लेकिन यह नवरात्रि के दौरान अब सामने आई है। यह घटना भारतीय समाज के दोहरे व्यवहार को भी दर्शाती है। एक तरफ तो नवरात्रि के दौरान मां दुर्गा की आराधना करते है वहीं दूसरी तरफ महिलओं पर अत्याचार करते है। 

पुलिस के अनुसार धार जिले के मांडवी गांव में रहने वाली एक महिला के घर कुछ लोग जबरन घुसे और महिला को पीटने लगे। इस दौरान महिला को निर्वस्त्र कर दिया गया। उसके बाल खींचे गए, उस पर जमकर थप्पड़ व लात-घूंसों की बरसात की गई। यह सब इसलिए कि कुछ लोगों को शक था कि उस महिला की नजर बुरी है, जिसके चलते उनके परिवार के लोग बीमार रहते है। (धिक्कार है ऐसी अवैज्ञानिक और निम्न दर्जे की सोच पर) महिला को पिटते हुए घर से बाहर लाया गया और फिर बाल पकड़कर दोबारा जमकर पीटा। इस दौरान पीड़ित महिला खुद को निर्दोष बताते हुए छोड़ देने की गुहार करती रही लेकिन राक्षसों के मन में जरा भी दया नहीं आई।  

आसपास के लोग तमाशाबीन बने खड़े रहे। महिला को बचाने के बजाय कुछ लोग मोबाइल से वीडियो बनाते रहे। यही वीडियो बाद में वायरल हो गया। पुलिस भी वीडियो वायरल होने के बाद जागी। (चोर, बदमाशों को पुलिस चोरी या डकैती की योजना बनाते हुए ही पकड़ लेती है लेकिन ऐसे मामले में पुलिस का मुखबिर तंत्र हमेशा से फेल होता आया है और शायद आगे भी फेल होता रहेगा)

एसपी आदित्य प्रताप सिंह के अनुसार महिला की शिकायत के बाद चार आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने लालू पुत्र बाबू लाल, उदय पुत्र बाबू और रागलिया को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी फरार है।