ARRESTED : 60 साल के शख्स ने साथी के साथ मिलकर किया नाबालिग दिव्यांग का गैंगरेप, अरेस्ट

60 साल के शख्स ने साथी के साथ मिलकर किया नाबालिग दिव्यांग का गैंगरेप
 | 
photo

File photo

60 साल के शख्स ने साथी के साथ मिलकर किया नाबालिग दिव्यांग का गैंगरेप, अरेस्ट

इंदौर : मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के महू में 14 वर्षीय मूक-बधिर लड़की के साथ कथित रूप से सामूहिक बलात्कार करने के आरोप में 60 वर्षीय एक व्यक्ति सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि यह लड़की दलित है और चार महीने की गर्भवती है।

किशनगंज पुलिस थाना निरीक्षक अरुण सोलंकी ने बताया, ‘यह घटना मंगलवार को तब पता चली जब एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने इस लड़की को अस्वस्थ देखा। उसने क्षेत्र की एक आशा कार्यकर्ता (मान्यता प्राप्त सामाजिक स्वास्थ्य कार्यकर्ता) को सूचित किया।’ उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ता इस लड़की को भागोरा स्थित एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां चिकित्सकों को संदेह हुआ कि उसे कुछ स्त्री रोग की समस्या है। उन्होंने उसे वहां से महू सिविल अस्पताल रेफर कर दिया।

मेडिकल जांच से हुआ खुलासा
सोलंकी ने बताया कि लड़की की मेडिकल जांच के बाद पता चला कि वह चार महीने की गर्भवती है। उन्होंने कहा, ‘इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और बुधवार रात अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आईपीसी के तहत सामूहिक बलात्कार का मामला और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।’ सोलंकी ने बताया कि बाद में इस लड़की ने सांकेतिक भाषा में सांकेतिक भाषा विशेषज्ञ को आपबीती बताई जिसके बाद गुरुवार को उसके पड़ोस में रहने वाले चेतन (60) और शिवा (45) को गिरफ्तार किया गया।

आरोपियों ने कबूला जुर्म
सोलंकी ने कहा कि इन दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने बताया कि लड़की की मां भी मूक-बधिर है, जबकि उसके पिता की कुछ साल पहले ही मौत हो चुकी है। इसी बीच, महू के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुनीत गहलोत ने कहा कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।