इतिहास दोहराएगा: 41 साल पहले इंदिरा गांधी आईं, वहीं आ रहे राहुल:1980 में बुरहानपुर के इस गांव में रात 2 बजे टार्च की रौशनी में की थी सभा -

बुरहानपुर के इस गांव में रात 2 बजे टार्च की रौशनी में की थी सभा -
 
 | 
1

Photo by google

इतिहास दोहराएगा: 41 साल पहले इंदिरा गांधी आईं, वहीं आ रहे राहुल:1980 में बुरहानपुर के इस गांव में रात 2 बजे टार्च की रौशनी में की थी सभा -

बुरहानपुर। भारत जोड़ो यात्रा के साथ 23 नवंबर को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी बुरहानपुर आएंगे। वे महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश को जोड़ने वाले गांव बोदरली से एमपी में एंट्री करेंगे। वे नेहरू-गांधी परिवार के चौथे शख्स हैं, जो बुरहानपुर आ रहे हैं। 41 साल पहले 1980 में पहली महिला प्रधानमंत्री और राहुल की दादी इंदिरा गांधी बुरहानपुर आई थीं। तीन दिन यहां रुकी भी थीं। सबसे खास है कि जिस बोदरली गांव से राहुल गांधी यात्रा निकाल रहे हैं, उसी गांव में इंदिरा गांधी ने रात 2 बजे टॉर्च की रोशनी में चुनावी सभा को संबोधित किया था।

1980 में पूर्व प्रधानमंत्री लोकसभा चुनाव के दौरान बुरहानपुर पहुंची थीं। वे यहां पूर्व सांसद ठाकुर शिव कुमार सिंह के चुनाव प्रचार के लिए आई थीं। इस दौरान 3 दिन तक बुरहानपुर और नेपानगर में प्रचार करती रहीं। उन्हें देखने और सुनने लाखों की संख्या में लोग सड़कों पर खड़े थे। इस चुनाव में उस समय सांसद के उम्मीदवार ठाकुर शिव कुमार सिंह ने भाजपा के वरिष्ठ नेता कुशाभाऊ ठाकरे को हराया था।

खुली जीप में किया था गलियों में प्रचार -
वरिष्ठ कांग्रेस नेता एसएम तारिक बताते हैं कि तब लोकसभा चुनाव के प्रत्याशी ठाकुर शिव कुमार सिंह के चुनाव के दौरान 3 दिन तक पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी खुली जीप में शहर की गलियों में घूमी थीं। प्रचार के दौरान कई सभाओं को संबोधित किया था। उन्हें सुनने और उनकी एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़कों, घरों की छतों पर मौजूद थे।

सोनिया गांधी भी पहुंची थीं बुरहानपुर -
कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी भी बुरहानपुर आ चुकी हैं। वे यहां तत्कालीन सांसद ठाकुर शिव कुमार सिंह की प्रतिमा का अनावरण करने 2000 में झिरी में स्थित शुगर फैक्ट्री पहुंची थीं। उन्होंने यहां प्रतिमा का अनावरण किया था। उन्होंने शुगर फैक्ट्री का भ्रमण भी किया। ठाकुर परिवार से मिलकर रवाना हो गई थीं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. तारिक ने बताया कि सालों पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और सोनिया गांधी खंडवा भी आए थे। वे कांग्रेस को मजबूत करने के लिए सभा संबोधित करने पहुंचे थे। उस समय सोनिया गांधी के पास पद नहीं था। वे केवल राजीव गांधी के साथ चला करती थीं।

अब 23 नवंबर को बुरहानपुर आ रहे राहुल गांधी -
गांधी परिवार की तीसरी पीढ़ी के रूप में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी 23 नवंबर को बुरहानपुर आ रहे हैं। वे करोली, बोदरली ग्राम से मध्यप्रदेश की सीमा में प्रवेश करेंगे। उनके आगमन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। ठाकुर परिवार ने शहर की सड़कों पर उनकी दादी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, उनकी मां सोनिया गांधी के साथ पुराने फोटो होर्डिंग पर लगाए हैं।

नेहरू भी आए थे नेपानगर
26 अप्रैल 1956 को पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू नेपानगर आए थे। हालांकि, उस समय बुरहानपुर खंडवा जिले में आता था, लेकिन अब बुरहानपुर जिला है। नेहरू ने नेपा मिल राष्ट्र को समर्पित की थी। मिल आज भी चालू है। हाल में इसका करोड़ों की लागत से दोबारा जीर्णोद्धार हुआ है। यहां अखबारी कागज बनता है।

ठाकुर परिवार राहुल गांधी को एल्बम भेंट करेगा -
स्व. पूर्व सांसद ठाकुर शिव कुमार सिंह के परिवार में इस वक्त उनके छोटे भाई ठाकुर सुरेंद्र सिंह निर्दलीय विधायक हैं। भतीजे हर्षित ठाकुर और उनका पूरा ठाकुर परिवार राहुल गांधी जब बुरहानपुर पहुंचेंगे, तो उन्हें उनकी दादी, उनकी मां के साथ खिंचाई फोटो का एल्बम भेंट करेगा।

ठाकुर सुरेंद्र सिंह ने साझा किए अनुभव -
ठाकुर परिवार के सदस्य बुरहानपुर के निर्दलीय विधायक और भारत जोड़ो यात्रा के स्वागत प्रभारी बनाए गए ठाकुर सुरेंद्र सिंह ने दैनिक भास्कर से इंदिरा गांधी के बुरहानपुर आगमन के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया- इंदिरा गांधी आई थीं, तो खुली जीप में प्रचार किया था। रात के 2 बजे बोदरली, मोमिनपुरा में आमसभा हुई थी। बिजली की समस्या थी। किसानों के बीच टॉर्च की रोशनी में सभा की थी। रात में 2 बजे उन्होंने बोदरली में भाषण दिया था। आज उनके पोते राहुल गांधी आ रहे हैं। उनका स्टे भी वहीं है, जहां 2000 में उनकी मां सोनिया गांधी भूमिपूजन के लिए आई थीं।

उन्होंने कहा-1990 में स्व. राजीव गांधी ने दूसरे नंबर के भाई महेंद्र सिंह जी को टिकट दिया। 1998 में सोनिया जी ने मंजूश्री को विधानसभा का टिकट दिया। 2000 में खुद सोनिया गांधी बुरहानपुर आईं। किसान सम्मेलन किया। ठाकुर शिवकुमार सिंह मेमोरियल कॉलेज का भूमिपूजन किया। ठाकुर शिवकुमार सिंह की मूर्ति का अनावरण भी किया था। कुछ साल पहले मैं खुद राहुल जी से मिला था।

1977 में पहले लोकसभा बाय इलेक्शन में इंदिरा गांधी ने हमारे भाई स्व. शिव कुमार सिंह को लोकसभा का टिकट दिया था। 1980 में इंदिरा जी मोमिनपुरा स्थित घर में 3 दिन रुकी थीं, तब शिव कुमार भैया ने कुशाभाऊ ठाकरे को हराया था।
क्रेडिट - विकास पथ