BREAKING : नक्सलियों ने रेल पटरियों को बम से उड़ाया, परिचालन पर असर

नक्सलियों ने रेल पटरियों को बम से उड़ाया
 
 | 
photo

File photo

नक्सलियों ने रेल पटरियों को बम से उड़ाया, परिचालन पर असर

धनबाद: नक्सली प्रशांत बोस और उनकी पत्नी शीला मरांडी की गिरफ्तारी के विरोध में माओवादियों ने प्रतिरोध दिवस के आखिरी दिन धनबाद रेल मंडल के टोरी-लातेहार रेलखंड के बीच रेल पटरियों को बम से उड़ा बदला लिया है। पटरी उड़ाने के बाद रेल परिचालन बाधित है। इसकी सूचना मिलने के बाद पटरी मरम्मत कर रेल परिचालन बहाल करने में धनबाद रेल मंडल के अधिकारी और कर्मचारी जुट गए हैं। जल्द से जल्द रेल परिचालन बहाल करने के लिए डीआरएम आशीष मंडल खुद निगरानी कर रहे हैं।

नक्सलियों ने धनबाद रेल मंडल के टोरी-लातेहार रेलखंड के बीच रेल पटरियों को बम से उड़ा दिया है। इस घटना में एक ट्रॉली भी डिरेल हो गई है। साथ ही अप और डाउन मार्ग पूरी तरह से बाधित हो गया है। फिलवक्त रेल प्रशासन द्वारा मौके पर राहत कार्य चलाया जा रहा है। शीर्ष माओवादी नेता प्रशांत बोस उर्फ किशन दा और उनकी पत्नी शीला मरांडी की गिरफ्तारी के विरोध में माओवादी संगठनों की विभिन्न इकाईयों की ओर से गत 15 नवंबर से प्रतिरोध दिवस मनाया जा रहा है। शुक्रवार को इसका आखिरी दिन था। जबकि शनिवार को भारत बंद का आह्वान किया गया है। इसी बीच माओवादियों ने झारखंड में अपने सबसे सॉफ्ट टारगेट रेलवे को अपना निशाना बनाया है। बीती रात करीब 12:50 बजे धनबाद रेल मंडल के टोरी-लातेहार रेलखंड के रिचुघुटा-डेमू स्टेशनों के बीच किलोमीटर 206/25-27 के बीच अप एवं डाउन लाइन पर माओवादियों ने बम ब्लास्ट कर रेल पटरियों को उड़ा दिया है। इस घटना में डीजल लाईट इंजन संख्या 70584 का एक ट्रॉली डिरेल हो गई है। बरकाकाना से दुर्घटना राहत यान प्रस्थान कर गया है। साथ ही रेल मंडल के उच्च अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं।