बड़ी खबर : SBI के चीफ मैनेजर का पंखे से लटकता मिला शव,मचा हड़कंप -

 SBI के चीफ मैनेजर का पंखे से लटकता मिला शव
 
 | 
photo

File photo

बड़ी खबर: SBI के चीफ मैनेजर का पंखे से लटकता मिला शव,मचा हड़कंप -

गढ़वा। स्टेट बैंक की नगर ऊंटारी (श्री बंशीधर नगर) शाखा के चीफ मैनेजर चंदन कुमार का शव शनिवार को उनके कमरे में पंखे के फंदे से झूलता मिला। लोगों को इस घटना की जानकारी शनिवार अपराह्न करीब दो बजे हुई।

बताया जाता है कि चंदन कुमार मूल रूप से बिहार के भागलपुर के रहने वाले थे। फिलहाल वे नगर ऊंटारी में स्टेशन रोड निवासी प्रो बीडी सिंह के मकान में किराये पर रह रहे थे। उनका परिवार अभी रांची में रहता है। उनकी पत्नी गुरुवार को ही नगरऊंटारी से रांची गई थीं।

जानकारी के अनुसार शनिवार को बैंक में छुट्टी थी। मैनेजर की पत्नी ने उन्हें सुबह में फोन किया तो उनका मोबाइल स्वीच ऑफ मिला। बार-बार फोन करने के बाद भी जब उनसे मोबाइल से बात नहीं हुई तो पत्नी ने घबराकर मकान मालिक को फोन किया और बैंक मैनेजर से बात कराने का अनुरोध किया। इसके बाद मकान मालिक के पुत्र ने मैनेजर के आवास पर जाकर दरवाजा खटखटाकर आवाज दी पर दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद मैनेजर की पत्नी ने एसबीआई के वाहन मालिक पंकज कुमार विश्वकर्मा को फोन कर उनसे बात कराने को कहा। पंकज ने आवास पर पहुंच कर दरवाजे को खटखटाया तब भी कोई आवाज नहीं मिली। अंत में उन्होंने आवास के बाहर गैलरी में चढ़कर देखा तो आवास का पिछला दरवाजा खुला मिला। जब उस खुले दरवाजे से होकर पंकज अंदर पहुंचे तो पंखे से चंदन कुमार का शव लटका पाया।

पंकज ने इसकी सूचना मकान मालिक को दी। उसके बाद सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर एसडीपीओ प्रमोद कुमार केसरी, पुलिस इंस्पेक्टर राजेश कुमार और थाना प्रभारी योगेंद्र कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की। उसके बाद शव को नीचे उतारा गया। अंदर मकान का सामान बिखरा हुआ था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। उनके परिजनों से संपर्क नहीं होने के कारण कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।

स्टेट बैंक के वरीय अधिकारी इंदूभूषण लाल ने बताया कि चंदन कभी दबाव में नहीं दिखे। न ही उनपर विभाग की ओर से कोई दबाव था। वह विभागीय काम भी ठीक से निपटाते थे। चार अक्टूबर को उनसे औपचारिक बात भी हुई थी। उस दौरान भी वह किसी दबाव में हैं किसी तरह की भनक भी नहीं मिली। पत्नी गुरुवार को ही नगर उंटारी से रांची गई थी। अब परिवार के सदस्यों से ही आत्महत्या के कारणों का पता चल सकेगा। श्रीबंशीधर नगर के एसडीपीओ प्रमोद केशरी ने कहा कि पुलिस मामले में सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर अनुसंधान कर रही है। उनके शरीर में चोट के किसी तरह के निशान नहीं पाए गए हैं।

मकान मालिक प्रो बीडी सिंह ने बताया कि मैनेजर चंदन उनके घर में पत्नी और बेटी के साथ किराये पर रहते थे। बेटी प्राची नौ साल की थी। वह बेटी से बेहद प्यार करते थे। गुरुवार को ही पत्नी और बेटी को नवरात्र पर कुलदेवी की पूजा अर्चना करने के लिए मैनेजर ने रांची भेजा था। उस दौरान मैनेजर ने उनसे कहा था कि उनके घर में कुलदेवी की पूजा नवरात्र पर होती है। उसकी तैयारी को लेकर पत्नी और बेटी को घर भेज रहे हैं। वह पीछे से जाएंगे। उन्होंने बताया कि मैनेजर किसी दबाव में हैं ऐसा कभी नहीं लगा। वह हंसमुख प्रवृति के थे। उनकी आत्महत्या से वह भी हतप्रभ हैं।