कांग्रेस बताए- राजीव गांधी फाउंडेशन को चीन से किस लिए मिले करोड़ों रूपए : जे.पी.नड्डा

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा- एक परिवार की गलतियों से हुआ देश की जमीन पर चीन का कब्जा राष्ट्रीय अध्यक्ष की जनसंवाद रैली को मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष ने भी किया संबोधित भोपाल। कांग्रेस के लोग प्रधानमंत्री मोदी जी से पूछते हैं कि कोरोना से लड़ाई में आपका रोडमैप क्या है? हमारा रोडमैप तैयार है, हम मोदी The post कांग्रेस बताए- राजीव गांधी फाउंडेशन को चीन से किस लिए मिले करोड़ों रूपए : जे.पी.नड्डा first appeared on saharasamachar.com.
 | 
कांग्रेस बताए- राजीव गांधी फाउंडेशन को चीन से किस लिए मिले करोड़ों रूपए : जे.पी.नड्डा

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा- एक परिवार की गलतियों से हुआ देश की जमीन पर चीन का कब्जा

राष्ट्रीय अध्यक्ष की जनसंवाद रैली को मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष ने भी किया संबोधित

भोपाल। कांग्रेस के लोग प्रधानमंत्री मोदी जी से पूछते हैं कि कोरोना से लड़ाई में आपका रोडमैप क्या है? हमारा रोडमैप तैयार है, हम मोदी जी के नेतृत्व में ये लड़ाई जीतेंगे। लेकिन जरा कांग्रेस का रोडमैप भी देख लें। गलवान घाटी में हुई जवानों की शहादत पर ये राजनीति कर रहे हैं, देश को भ्रमित कर रहे हैं। डोकलाम में जब हमारी सेनाएं चीनी सेनाओं के सामने डटी हुई थीं, तब राहुल गांधी दिल्ली में चीनी राजदूत के साथ गुफ्तगू कर रहे थे। यही नहीं, बल्कि 2005-06 में जिस राजीव गांधी फाउंडेशन ने चीन से 3 लाख अमेरिकी डॉलर की सहायता प्राप्त की थी, उसकी अध्यक्ष कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी हैं। देश की जनता ये जानना चाहती है कि राजीव गांधी फाउंडेशन को चीन से यह पैसा किसलिए मिला था? यह बात भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा ने गुरुवार को मध्यप्रदेश की जनसंवाद वर्चुअल रैली के माध्यम से लाखों कार्यकर्ताओं, प्रबुद्धजनों और आम नागरिकों को संबोधित करते हुए कही। श्री नड्डा ने कहा कि एक ऐसा राजवंश जिसे देश की जनता ने नकार दिया है, की गलतियों के कारण ही आज देश की 43 हजार वर्ग कि.मी. जमीन चीन के कब्जे में है। ताज्जुब की बात है कि इसी राजवंश के लोग हमें राष्ट्रभक्ति सिखा रहे हैं, देश की सुरक्षा पर सवाल कर रहे हैं, जिसका उन्हें नैतिक हक ही नहीं है।

कांग्रेस बताए- राजीव गांधी फाउंडेशन को चीन से किस लिए मिले करोड़ों रूपए : जे.पी.नड्डा

राष्ट्रीय अध्यक्ष की रैली से जुड़े 33 लाख लोग

राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा जी की वर्चुअल रैली से 33 लाख से अधिक लोग जुड़े। दिल्ली में केन्द्रीय मंत्री केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्रसिंह तोमर, श्री थावरचन्द गेहलोत व सांसद श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया रैली में शामिल हुए। वहीं, भोपाल में मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने संबोधित किया। पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व सांसद श्री प्रभात झा, राष्ट्रीय महामंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय मंचासीन थे। इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत, प्रदेश शासन के मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, श्री तुलसी सिलावट, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री रामेश्वर शर्मा, श्री विजेश लुणावत, पूर्व मंत्री व विधायक श्री विश्वास सारंग सहित पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित थे। रैली का संचालन प्रदेश महामंत्री श्री बंशीलाल गुर्जर ने किया एवं आभार प्रदेश मंत्री व विधायक श्रीमती कृष्णा गौर ने माना। रैली में मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने लोकतंत्र सेनानी संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री तपन भौमिक सहित अन्य लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान किया। रैली में प्रदेश महामंत्री व सांसद श्री अजयप्रताप सिंह ने आत्मनिर्भर भारत का संकल्प दिलाया।

लोकतंत्र, सरहद और सेहत के रखवालों को देश नमन करता है


राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नड्डा ने अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा कि 45 साल पहले आज ही के दिन इंदिरा गांधी की सरकार ने देश में इमर्जेंसी लगा दी थी। सरकार ने ज्यूडीशियरी को कब्जे में ले लिया, प्रेस का गला घोंट दिया। सरकार की इस तानाशाही का विरोध करने वाले, बुद्धिजीवी और पत्रकारों सहित 1, 40000 से अधिक लोग मीसा के अंतर्गत जेलों में बंद कर दिए गए। सलाखों के पीछे ढकेल दिये गए इन लोगों को यह भी पता नहीं था कि वे वापस आएंगे या नहीं? विपरीत परिस्थितियों में जेल में रहते हुए भी इन लोगों ने प्रजातंत्र की आवाज को मजबूत किया और देश को अधिनायकवाद से मुक्त कराया। देश लोकतंत्र की रक्षा करने वाले इन सेनानियों के त्याग को नमन करता है। श्री नड्डा ने कहा कि हम गलवान के शहीदों को भी श्रद्धासुमन अर्पित करते हैं। पूरा देश अपने इन सपूतों के परिजनों के साथ खड़ा है। श्री नड्डा ने कहा कि हम उन लोगों को भी श्रद्धांजलि देते हैं, जिनकी मौत कोरोना से लड़ते हुए हुई। साथ ही उन कोरोना वारियर्स के साहस को भी नमन करते हैं, जिन्होंने अपनी जान खतरे में डालकर भी मानवता की सेवा की।

कांग्रेस बताए- राजीव गांधी फाउंडेशन को चीन से किस लिए मिले करोड़ों रूपए : जे.पी.नड्डा

6 सालों में कर दिये 6 दशकों से लंबित काम

श्री नड्डा ने कहा कि 2014 में जब प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने सत्ता संभाली तब देश पॉलिसी पैरालिसिस की स्थिति में था। प्रशासन नाम की कोई चीज नहीं बची थी। हर तरफ घोटाले थे और देश को दुनिया में एक भ्रष्टाचारी देश के रूप में देखा जाने लगा था। मोदी जी ने देश को इस स्थिति से उबारा और एक शक्तिशाली देश के रूप में प्रस्तुत किया। इस सरकार ने अपने 6 सालों के कार्यकाल में ऐसे-ऐसे काम कर दिये, जो पिछले 6 दशकों में नहीं हो पाए थे। श्री नड्डा ने कहा कि कश्मीर के महाराजा हरिसिंह ने कश्मीर का भारत का विलय करके उसे देश का 15 वां राज्य बना दिया था, लेकिन नेहरू सरकार ने वहां धारा 370 लगाकर अलगाववाद के बीज बो दिये। हमारे नेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने इसका विरोध किया और अपने प्राणों का बलिदान दे दिया था। हमारी सरकार ने मोदी जी की इच्छाशक्ति और श्री अमित शाह की रणनीति के बल पर धारा 370 को हटाते हुए 6 दशक पुरानी इस समस्या का समाधान कर दिया। अब कश्मीर में अल्पसंख्यकों को आरक्षण मिलेगा, वहां की महिलाओं को संपत्ति पर हक मिलेगा और वहां के दलित समुदाय के लोग अपनी पसंद का व्यवसाय चुन सकेंगे। श्री नड्डा ने कहा कि पहले की सरकारों ने पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से प्रताड़ित होकर आए धार्मिक अल्पसंख्यकों को देश की नागरिकता नहीं दी, जबकि महात्मा गांधी से लेकर जवाहरलाल नेहरू और डॉ. मनमोहनसिंह तक ने इसकी वकालत की थी। यह काम मोदी जी की सरकार ने नागरिकता संशोधन कानून बनाकर किया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का प्रश्न देश के करोड़ों लोगों की आस्थाओं से जुड़ा था, इसके बावजूद कांग्रेस और उसके कपिल सिब्बल जैसे नेता नहीं चाहते थे कि इस पर कोई फैसला आए। मोदी जी की सरकार बनने के बाद सुप्रीम कोर्ट में रोज सुनवाई शुरू हुई, फैसला आया और अब मंदिर का निर्माण शुरू हो रहा है। श्री नड्डा ने कहा कि हमारे पड़ोसी देशों समेत दुनिया के अधिकांश मुस्लिम देशों में तीन तलाक की कुप्रथा नहीं है, लेकिन भारत में वोटबैंक को खुश रखने के लिए कांग्रेस मुस्लिम बहनों पर होने वाले अत्याचार को देखती रही। मोदी जी ने अपनी सरकार बनते ही तीन तलाक विरोधी कानून बनाकर मुस्लिम बहनों को इस अत्याचार से मुक्ति दिलाई।

कोरोना संकट में किया देश को एकजुट

श्री नड्डा ने कहा कि कोरोना संकट के दौरान जब दुनिया के बड़े-बड़े, शक्तिशाली देश लाचार हो गए थे, तब प्रधानमंत्री मोदी जी ने 135 करोड़ लोगों के इस देश को लड़ने को तैयार किया। उन्होंने तत्काल लॉकडाउन का निर्णय लेकर लोगों के स्वास्थ्य की रक्षा की, जिसे विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी सही समय पर लिया गया सही निर्णय बताया। उस समय देश में एक भी पीपीई किट नहीं बनती थी, सिर्फ 1500 जांच की सुविधा थी और एक भी ऐसा अस्पताल नहीं था, जिसमें कोरोना का उपचार होता हो। उस समय देश में कोरोना का संक्रमण सिर्फ 3 दिन में दोगुना हो रहा था, अब उसे दोगुना होने में 17 दिन लग रहे हैं। अब हमारे देश में ही 4.5 लाख पीपीई किट हर रोज बन रहे हैं। कोरोना का इलाज करने वाले 1000 अस्पताल हैं, 2 लाख बेड की क्षमता है, 20 हजार आईसीयू बेड की क्षमता है। देश में 1.5 लाख टेस्टिंग रोजाना हो रही है। श्री नड्डा ने बताया कि दुनिया में कोरोना से संक्रमण की दर 115 व्यक्ति प्रति लाख है, तो भारत में यह दर सिर्फ 31 है। दुनिया में जहां एक लाख की आबादी पर कोरोना से 06 मौतें हो रही हैं, तो वहीं भारत में यह आंकड़ा 01 से भी नीचे है। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट के दौरान प्रधानमंत्री जी ने 06 बार देश के सभी मुख्यमंत्रियों से बातचीत की और देश को एक लड़ी में पिरोया। कभी जनता कर्फ्यू, कभी ताली-थाली तो कभी दीये जलाने का अभियान चलाकर जनता को इस लड़ाई से जोड़ा। खुशी की बात यह है कि प्रधानमंत्री जी के इस अभियान से देश ही नहीं, बल्कि यूरोप के लोग भी जुड़े। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने जहां जी-20 देशों को कोरोना के खिलाफ लड़ाई के लिए एकजुट किया, तो दुनिया के 120 देशों तक जरूरी दवाएं पहुंचाकर उनकी सहायता की।

देश को सक्षम बनाने लागू किए पैकेज

श्री नड्डा ने कहा कि लॉकडाउन शुरू होते ही प्रधानमंत्री श्री मोदी ने 26 मार्च को गरीब कल्याण पैकेज घोषित किया। 20 करोड़ बहनों के उन्हीं जनधन खातों में 1500 रुपये की राहत राशि पहुंचाई गई, जिनका 2014 में विपक्ष ने मजाक उड़ाया था। 8 करोड़ 75 लाख किसानों के खातों में किसान सम्मान निधि की राशि पहुंचाई। उज्जवला योजना की हितग्राही बहनों को 08 करोड़ गैस सिलेंडर दिये और गरीब परिवारों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया। उन्होंने कहा कि इसके बाद प्रधानमंत्री ने आत्मनिर्भर भारत अभियान की घोषणा की, जो सिर्फ एक पैकेज नहीं, बल्कि देश की दृष्टि और दिशा निर्धारित करेगा। वर्ल्ड बैंक ने भी इस पैकेज की तारीफ की है। इसमें एमएसएमई के लिए 3 लाख करोड़ का प्रावधान किया गया है। कृषि अधोसंरचना के विकास के लिए 01 लाख करोड़ का प्रावधान किया गया है। इससे कृषि के क्षेत्र में जो इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार होगा, उससे किसानों की तकदीर बदल जाएगी। उन्होंने कहा कि स्ट्रीट वेंडर्स के लिए 05 हजार करोड़ का प्रावधान किया गया है। श्री नड्डा ने कहा कि लोगों को राहत पहुंचाने के इस काम में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता भी पीछे नहीं रहे। संक्रमण के दौर में पार्टी के 08-09 लाख कार्यकर्ताओं ने 19 करोड़ फूड पैकेट वितरित किए। 05 करोड़ राशन किट जरूरतमंदों को बांटे। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने देश में 05 करोड़ मास्क बांटे, जो एक रिकॉर्ड है। मध्यप्रदेश में भी इस दौरान 3 करोड़ फूड पैकेट, 30 लाख राशन किट और 70 लाख मास्क वितरित किए गए। श्री नड्डा ने कहा कि इनोवेशन भाजपा की कार्यशैली में शामिल है और लॉकडाउन के दौरान जब दूसरी पार्टियां पूरी तरह लॉक हो गई थीं, तब भी वर्चुअल कांफ्रेंस और रैलियों के जरिए पार्टी जनसेवा में जुटी रही, खुद को सक्रिय बनाए रखा।

गैर जिम्मेदार विपक्ष का काम कर रही कांग्रेस

श्री नड्डा ने कहा कि एक विपक्षी दल के रूप में कांग्रेस का रवैया गैर जिम्मेदाराना है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और जनसंघ भी विपक्ष में रहे हैं, लेकिन चाहे वह 1962, 65 और 71 की लड़ाई हो या कोई और संकट, हम हमेशा सरकार के साथ खड़े रहे। लेकिन कांग्रेस ने अपना स्तर बहुत नीचे गिरा लिया है। कारगिर युद्ध के समय इन्होंने राज्यसभा के सत्र और ऑल पार्टी मीटिंग की मांग की। इन्होंने लॉकडाउन पर सवाल उठाए और अब ये गलवान के मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं।

देश की गुनहगार कांग्रेस पार्टी है :शिवराजसिंह चौहान

मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने वर्चुअल रैली में आपातकाल के काले दिनों को याद करते हुए कहा कि राहुल गांधी बड़ी बड़ी बातें करते हैं, परंतु अपने इतिहास में झांककर नहीं देखते। हिंदुस्तान के विभाजन की गुनाहगार कांग्रेस पार्टी है। देश में लोकतंत्र का गला घोटने का पाप कांग्रेस ने किया है। हजारों लोग जेल में डाल दिए गए। उन्होंने कहा कि उस दौरान श्री जयप्रकाश नारायण ने आवाज उठाई। रामलीला मैदान की सभा में स्व. श्री अटलबिहारी वाजपेयी जी के भाषण ने इंदिरा गांधी के पांव के नीचे से जमीन खिसका दी। कांग्रेस ने सत्ता बचाने के लिए देश में आपातकाल लागू करके लोकतंत्र का गला घोंटा। उन्होंने कहा कि राजधानी भोपाल के हबीबगंज थाने में लोकतंत्र सेनानियों के इस तरह से मारपीट की गई थी, कि आज भी बादल छाने पर घुटनों में दर्द उठता है। उन्होंने कहा कि जेल में बंद कई कार्यकर्ता इलाज के अभाव में तड़प-तड़पकर मर गए। उनके घर परिवार बर्बाद हो गए। श्री चौहान ने कहा कि लोकतंत्र के ये हत्यारे मोदी जी की तरफ ऊंगली उठाते हैं। मोदी जी तो भारत के लिए भगवान का वरदान हैं। वे देश का मान और सम्मान हैं। आज पूरी दुनिया उनके सामने झुकती है।

कांग्रेस भ्रष्टाचार की पर्याय


श्री चौहान ने कहा कि कांग्रेस जब-जब सत्ता में आई भ्रष्टाचार के रिकॉर्ड बना दिए। मध्यप्रदेश में तो सवा साल में वल्लभ भवन को दलालों का अड्डा बना दिया। जो वादे किए थे वे सब भूल गए। एक मुख्यमंत्री सामने दिखता था, दूसरा छुपा रहता था। कांग्रेसी इन डेढ़ सालों में ही कन्यादान और गरीबों के कफन के पैसे तक खा गए। एक तरफ कमलनाथ कहते थे खजाना खाली है, दूसरी तरफ आईफा अवार्ड के लिए सलमान खान और जेकलिन फर्नांडीस को लाया जा रहा था। उन्होंने कहा कि श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सही समय पर सही कदम उठाकर मध्यप्रदेश को बर्बादी से बचा लिया। श्री चौहान ने कहा कि मैं राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा जी को यह विश्वास दिलाना चाहता हूं कि मोदी जी ने आत्मनिर्भर भारत का जो संकल्प लिया है, मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता और सरकार मिलकर उसे पूरा करके दिखाएंगे।

इंदिरा गांधी ने की थी लोकतंत्र की हत्या : विष्णुदत्त शर्मा

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि 25 जून का दिन काला दिन है। इस दिन कांग्रेस की तानाशाह श्रीमती इंदिरा गांधी ने देश में इमरजेंसी लगाकर लोकतंत्र की हत्या की थी। जिसने इसका विरोध किया, इसके खिलाफ अपनी लेखनी चलाई, उसे जेल में डाल दिया। श्री शर्मा ने कहा कि अंग्रेज तो 1947 में देश से चले गए, लेकिन अंग्रेजी मानसिकता वाले इन लोगों ने हर उस व्यक्ति को जेल में डाल दिया, जिसने देशभक्ति और समाज की बात की। श्री शर्मा ने कहा कि मैं लोकतंत्र की रक्षा के लिए कष्ट उठाने वाले उन सभी लोगों को प्रणाम करता हूं।

देश को गुमराह कर रहा है एक ही परिवार

श्री शर्मा ने कहा कि यह दुर्भाग्य है कि एक ही परिवार कांग्रेस का नेतृत्व करते हुए लगातार देश को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है। आज भी जब कोई देशभक्ति की बात करता है, तो यह परिवार उस पर सवाल उठाता है। जब चीन के अंदर जाकर हमारे सैनिक भारत का नाम रोशन करते हैं तो कांग्रेस के पेट में दर्द होता है। हमारे सैनिक पाकिस्तान में एयर स्ट्राइक करते हैं तो कांग्रेस उसके साक्ष्य मांगती है। डोकलाम में प्रधानमंत्री मोदी जी की नीति के आधार पर हमारे सैनिक जवाब देते है तो भी कांग्रेस के नेतृत्व का पेट दुखता है। श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने ही पाकिस्तान के 97000 युद्धबंदियों को छोड़ने का निर्णय लिया। उस समय अगर देश के प्रधानमंत्री मोदी जी होते तो पाकिस्तान भी भारत का हिस्सा होता। श्री शर्मा ने कहा कि जब देश की जनता प्रधानमंत्री मोदी जी को सबसे लोकप्रिय नेता मानती है, तो कांग्रेस कहती है कि ये सेरेंडर प्रधानमंत्री है। कांग्रेस ने नीतियों के माध्यम से भारत को गर्त में ले जाने का काम किया था, आज उसका जवाब देश के प्रधानमंत्री ने देश और दुनिया में अपनी नेतृत्व क्षमता के आधार पर दे दिया है।

भारत को भ्रष्टाचार मुक्त बना रहे मोदी जी

श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश भ्रष्टाचार मुक्त होने की राह पर बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने जनधन अकाउंट के माध्यम से जन जन तक सरकारी योजनाओं का पैसा पहुंचाने का काम करके भ्रष्टाचार को खत्म किया। प्रधानमंत्री ने गरीबों के जीवन स्तर उठाने के लिए उज्जवला, प्रधानमंत्री आवास जैसी कई योजनाएं लागू करके पं. दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को जमीन पर उतारने का काम किया है। श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी ने देश का स्वाभिमान और भारत माता के मस्तक को गर्व से ऊंचा करने का काम किया है। उन्होंने अपनी कार्यशैली, अपनी योग्यता के बल पर, सक्षम नेतृत्व और नीतियों के बल पर देश और पूरी दुनिया में भारत का मान, सम्मान बढाया है।

The post कांग्रेस बताए- राजीव गांधी फाउंडेशन को चीन से किस लिए मिले करोड़ों रूपए : जे.पी.नड्डा first appeared on saharasamachar.com.