भाजपा ने बढ़ाए प्रदेश उपाध्यक्ष और मंत्री के दो-दो पद, सिंधिया समर्थकों की ताजपोशी -

प्रदेश उपाध्यक्ष गजेंद्र सिंह के इस्तीफे से हुआ था रिक्त, पांच पदाधिकारी बनाए -
 
 | 
1

File photo

सुलोचना रावत को भाजपा में लेने के कारण जोबट में टिकट से वंचित रहे नागर सिंह चौहान को भी बनाया उपाध्यक्ष -
 

भोपाल । केंद्रीय संगठन से विशेष अनुमति लेकर भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश संगठन में दो उपाध्यक्ष और दो प्रदेश मंत्री के पद बढ़ाए हैं। वहीं एक पद प्रदेश उपाध्यक्ष गजेंद्र सिंह पटेल के अनुसूचित जनजाति मोर्चा में राष्ट्रीय महामंत्री बनाए जाने के कारण रिक्त हुआ था। ऐसे में पांच पदों पर पार्टी ने मंगलवार को नियुक्ति की है। एक प्रदेश उपाध्यक्ष का पद सिंध‍िया कोटे में बृजराज सिंह चौहान पूर्व विधायक को मिला है। चौहान श्योपुर जिले के निवासी हैं और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंध‍िया के समर्थक हैं,एक अन्य सिंध‍िया समर्थक क्षितिज भट्ट को प्रदेश मंत्री के पद पर नियुक्त किया गया है। ये शाजापुर जिले के हैं इन्हें मिलाकर पार्टी ने पांच नए पदाध‍िकारी बनाए हैं पूर्व संभागीय संगठन मंत्रियों का पुनर्वास प्रदेश संगठन में की गई पांच नियुक्तियों में दो पूर्व संभागीय संगठन मंत्री हैं जिन्हें पार्टी ने कुछ दिनों पहले पदमुक्त किया था श्याम महाजन को प्रदेश उपाध्यक्ष और केशव सिंह भदौरिया को प्रदेश मंत्री बनाया गया है।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि अन्य संभागीय संगठन मंत्रियों का पुनर्वास पहले निगम मंडल में किया जा चुका है लेकिन इन दो नेताओं ने सरकार में पद ना लेकर संगठन में काम करने की इच्छा जताई थी। यही वजह है कि दोनों को संगठन में जिम्मेदारी सौंपी गई है।

चौहान को मिला इनाम
इधर पूर्व विधायक नागर सिंह चौहान को जोबट उपचुनाव में टिकट नहीं मिल पाने के कारण प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। जोबट से कांग्रेस नेत्री सुलोचना रावत को भाजपा में लेने के कारण चौहान टिकट से वंचित रह गए थे। यह पद प्रदेश उपाध्यक्ष गजेंद्र सिंह पटेल के पद छोड़ने से रिक्त हुआ है। पटेल भाजपा राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री बनाए गए हैं। इस कारण उन्होंने प्रदेश उपाध्यक्ष का पद छोड़ दिया था।

News Hub