BREAKING : अस्पताल के गेट के बाहर प्रसव, महिला ने दिया बच्चे को जन्म

File photo
अस्पताल के गेट के बाहर प्रसव, महिला ने दिया बच्चे को जन्म
कटनी, 11 नवंबर (हि.स.)। जिला अस्पताल के गेट के बाहर गुरुवार दोपहर एक गर्भवती महिला की डिलेवरी हो गई। आसपास खड़ी महिलाओं ने चारों ओर चादर लगाकर महिला का प्रसव कराया। महिला ने हास्पिटल गेट के बाहर ही एक बेटे का जन्म दिया। मां और नवजात बेटे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका सामान्य इलाज किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार बड़वारा थाना अंतर्गत जगतपुर उमरिया गांव निवासी कहिना (20) पत्नी धीरज गौड़ को उसके परिजनों ने प्रसव पीड़ा होने पर बड़वारा के सामुदायिक हास्पिटल में भर्ती कराया था, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण वहां से महिला को जिला हास्पिटल रैफर किया गया। जननी एक्सप्रेस से महिला को जिला अस्पताल लाया गया। इस बीच महिला के परिजन सरकारी अस्पताल की बजाय प्रायवेट चिकित्सालय में ले जाने का मन बना लिया।
महिला को अस्पताल गेट के बाहर बैठाया गया
महिला को गेट के बाहर बैठाया गया और परिजन ऑटो की तलाश करने लगे। तभी महिला को प्रसव पीड़ा होने लगी और वहां पर ही डिलेवरी जैसे हालत बन गए। जिसे देखकर आसपास खड़ी महिलाओं ने चादर से चारो ओर ढककर महिला का प्रसव कराया। प्रसव के दौरान महिला ने एक बच्चे को जन्म दिया है। दोनों को में भर्ती करा दिया गया है।